जामुड़िया मे पेयजल संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, केंदा मोड़ पर राष्ट्रीय राजमार्ग-60 जाम; “पानी नहीं तो वोट नहीं” की चेतावनी

जामुड़िया । जामुड़िया थाना क्षेत्र के केंदा मोड़ में मंगलवार को पेयजल संकट को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने केंदा मोड़ स्थित पांडवेश्वर से पंजाबी मोड़ की ओर जाने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग-60 को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। अचानक हुए सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वही प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि इलाके में पिछले कई महीनों से जलापूर्ति व्यवस्था चरमराई हुई है। नियमित रूप से पानी नहीं मिलने के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी ढोकर लाना पड़ता है। गर्मी बढ़ने के साथ स्थिति और भी गंभीर हो गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए नारे लगाए—“पानी नहीं तो वोट नहीं।” उनका कहना था कि यदि जल्द ही जलापूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि पेयजल की समस्या अब केवल दैनिक परेशानी का विषय नहीं रह गई है, बल्कि यह आगामी विधानसभा चुनाव में एक बड़ा मुद्दा बन सकती है। वही सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने-बुझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से शीघ्र समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद कुछ समय पश्चात जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हुआ। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अब केवल आश्वासन से संतुष्ट नहीं होंगे। उनका स्पष्ट कहना है कि जब तक नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति शुरू नहीं होती, तब तक वे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते रहेंगे। इलाके में पेयजल संकट को लेकर बढ़ता जनाक्रोश प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *