
आसनसोल। आसनसोल के कुल्टी इलाके में एक अत्यंत दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। प्रारंभिक आरोपों के अनुसार एक युवक ने अपनी ही मां की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद स्वयं भी आत्महत्या कर ली। घटना के दौरान घर में आग लगने से मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है।
मृतकों की पहचान राजा मुखर्जी और उनकी मां संध्या मुखर्जी के रूप में हुई है। परिवार के मुखिया दयामय मुखर्जी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पुत्र राजा मुखर्जी ने पहले अपनी मां को गोली मारी और तत्पश्चात स्वयं को भी गोली मार ली। घटना के समय अचानक घर में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। परिजनों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से घर में तनावपूर्ण वातावरण बना हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक विवाद इस भयावह घटना का कारण हो सकता है। हालांकि आग लगने की घटना ने पूरे मामले को जटिल बना दिया है। स्थानीय निवासियों ने घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख तुरंत प्रशासन को सूचना दी। वही घटना की सूचना मिलते ही कुल्टी थाना की पुलिस टीम तथा दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग के कारण घर का आंतरिक भाग काफी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे घटनास्थल की जांच में भी कठिनाई आ रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार राजा मुखर्जी एक निजी कारखाने में गनमैन के पद पर कार्यरत थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना में प्रयुक्त हथियार लाइसेंसी था या नहीं तथा वह हथियार घर तक कैसे पहुंचा। इस संबंध में शस्त्र लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि गोलीबारी और आगजनी के बीच संभावित संबंधों की गहन जांच की जा सके। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी। वही इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद कुल्टी क्षेत्र में शोक और भय का वातावरण व्याप्त है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और यह प्रश्न उठा रहे हैं कि एक ही परिवार में ऐसी भयावह घटना कैसे घटित हो गई। वही पुलिस इस पुरे मामले की हर तरह से जांच कर कर रही है।
