झारखंड में शिवरात्रि मेले में खाना खाने से 175 लोग बीमार, अधिकांश बच्चे; फूड प्वाइजनिंग की आशंका

झारखंड के एक मेले में खाना खाने के बाद कम से कम 175 लोग बीमार हो गए, जिनमें अधिकांश बच्चे शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार, शिवरात्रि के अवसर पर रविवार को पलामू जिले के द्वारका गांव में मेले का आयोजन किया गया था। इसी मेले में भोजन करने के बाद ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। प्राथमिक अनुमान के मुताबिक यह मामला फूड प्वाइजनिंग का हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारण की पुष्टि के लिए स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पलामू जिला प्रशासन ने बताया कि रविवार रात से ही ग्रामीणों में उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसे लक्षण दिखाई देने लगे थे। सभी बीमार लोगों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद कई लोग स्वस्थ हो चुके हैं, लेकिन अभी भी 22 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। जिले के सरकारी चिकित्सक अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कहा, “प्राथमिक रूप से हमें खाद्य विषाक्तता की आशंका है। हालांकि, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।” उन्होंने बताया कि बीमार बच्चों की स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर रखे हुए है और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *