
‘आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान’ व ‘अर्बन पथश्री’ के तहत 2 मार्च तक सभी लंबित कार्य शुरू करने का लक्ष्य
आसनसोल। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ‘आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान’ एवं ‘अर्बन पथश्री’ परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए मंगलवार को आसनसोल नगर निगम में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेयर बिधान उपाध्याय, जिला अधिकारी एस. पोन्नबलम, नगर निगम आयुक्त एकम जे सिंह, निगम चेयरमैन एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा कर उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करना था। मेयर बिधान उपाध्याय ने बताया कि ‘आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान’ योजना के अंतर्गत अब तक 1300 कार्य शुरू किए जा चुके हैं, जबकि शेष 2300 कार्यों के लिए शीघ्र टेंडर जारी किए जाएंगे। प्रशासन ने 2 मार्च तक सभी लंबित आवेदनों पर काम शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
डीएम एस. पोन्नबलम ने कहा कि ‘अर्बन पथश्री’ परियोजना के माध्यम से सड़कों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। चुनाव से पहले जनहित से जुड़ी योजनाओं को पूरा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताई गई।
बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यों की निगरानी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
