
जामुड़िया। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की ओर से आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारे जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। यह जानकारी जनता दल यूनाइटेड के पश्चिम बर्दवान जिला अध्यक्ष कार्तिक पासवान ने खास केंदा में दैनिक जागरण को दिए विशेष साक्षात्कार में दी।
कार्तिक पासवान ने कहा कि यदि पश्चिम बंगाल में जेडीयू का भाजपा के साथ गठबंधन होता है, तो पार्टी 15 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। वहीं, यदि भाजपा के साथ गठबंधन नहीं होता है तो जेडीयू 5 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़ा करेगी। उन्होंने बताया कि हाल ही में कुल्टी में आयोजित जेडीयू के अधिवेशन के दौरान आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष बिहार में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा-जेडीयू गठबंधन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी और विपक्षी दलों को कड़ी शिकस्त दी थी। इस बार भी पश्चिम बंगाल में भाजपा-जेडीयू गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा और राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटाने का प्रयास करेगा।
कार्तिक पासवान ने बताया कि वर्ष 2006 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भी भाजपा-जेडीयू गठबंधन के तहत जेडीयू ने कई सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। उस समय पश्चिम बर्दवान जिले के उखड़ा विधानसभा (वर्तमान पांडेश्वर) सीट से जेडीयू ने उपेंद्र पासवान को प्रत्याशी बनाया था। चुनाव प्रचार के दौरान वरिष्ठ जेडीयू नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस तथा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी जेडीयू उम्मीदवार के समर्थन में चुनाव प्रचार किया था।
उन्होंने कहा कि इस बार के विधानसभा चुनाव को लेकर भी पार्टी गंभीर मंथन कर रही है और संभावित प्रत्याशियों के नामों पर विचार-विमर्श जारी है। जेडीयू भाजपा के साथ गठबंधन में या अकेले—दोनों ही परिस्थितियों में चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट चुकी है।
जिले के राजनीतिक गलियारों में जेडीयू की इस घोषणा के बाद हलचल तेज हो गई है और आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरणों पर चर्चाएं शुरू हो गई।
