
दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित IQ City मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल परिसर के बाथरूम से एक एमबीबीएस छात्र का फंदे से लटका हुआ शव बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे कॉलेज परिसर में शोक और स्तब्धता का माहौल है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय लावण्य प्रताप के रूप में हुई है। वह एमबीबीएस द्वितीय वर्ष का छात्र था और मूल रूप से पटना, बिहार का निवासी बताया जा रहा है। वह कॉलेज हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात तक जब लावण्य प्रताप अपने कमरे से बाहर नहीं निकले और फोन कॉल का भी जवाब नहीं दिया, तो साथियों को चिंता हुई। काफी देर तक इंतजार करने के बाद सहपाठियों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान हॉस्टल के बाथरूम का दरवाजा बंद पाया गया। दरवाजा खोलने पर अंदर छात्र का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना तत्काल कॉलेज प्रशासन और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू की। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और उनके दुर्गापुर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वही कॉलेज प्रशासन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वे पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। साथ ही, छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए काउंसलिंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि यदि कोई छात्र मानसिक दबाव या तनाव से जूझ रहा हो तो उसे समय रहते सहायता मिल सके। इस घटना ने एक बार फिर मेडिकल शिक्षा के बढ़ते दबाव और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस घटना को लेकर कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है और छात्र अपने साथी की असामयिक मृत्यु से स्तब्ध हैं।
