कलकत्ता हाईकोर्ट के जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच में पहले दिन 192 मामलों की सुनवाई

 

जलपाईगुड़ी, 12 फरवरी । जलपाईगुड़ी के पहाड़पुर स्थित कलकत्ता हाईकोर्ट की सर्किट बेंच की ऐतिहासिक शुरुआत हुई है। सर्किट बेंच में पहले ही दिन 192 मामलों की सुनवाई है।

गत 17 जनवरी को इस भवन का उद्घाटन सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने किया था। उसी समय घोषणा की गई थी कि 11 फरवरी से यहां मामलों की सुनवाई शुरू होगी। उद्घाटन के एक महीने से भी कम समय में नए भवन में विधिवत कार्य शुरू हो गया।
गुरुवार को सर्किट बेंच ने कार्य प्रारंभ किया और पहले ही दिन मामलों का अंबार देखने को मिला। डिवीजन बेंच की सूची में कुल 192 मामले शामिल थे। इनमें से शुरुआती कई मामलों की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सुजय पाल ने की।
पहले दिन की कार्यवाही कई मायनों में खास रही। मुख्य न्यायाधीश सुजय पाल के अलावा न्यायमूर्ति पार्थसारथी सेन, न्यायमूर्ति शम्पा सरकार और न्यायमूर्ति शुभ्रा घोष उपस्थित रहे। सर्किट बेंच के इतिहास में यह पहली बार है जब मुख्य न्यायाधीश की डिवीजन बेंच ने यहां सुनवाई की।
सुनवाई शुरू होने से पहले मुख्य न्यायाधीश ने अधिवक्ताओं के साथ सौजन्य मुलाकात की और भावुक संदेश दिया। उन्होंने कहा, आज से नए भवन में सुनवाई प्रक्रिया शुरू हुई है। ईट, बालू, सीमेंट और लोहे से सिर्फ एक इमारत नहीं बनी है, बल्कि यह लोगों की आशा, भरोसे और न्याय पाने का एक केंद्र है। यह कार्य बेंच और बार के सहयोग से सफल होगा।
उत्तर बंगाल की लंबे समय से प्रतीक्षित यह स्थायी इमारत पहाड़पुर में 40 एकड़ भूमि पर निर्मित है। अब इसी आधुनिक और सुसज्जित परिसर से न्यायिक कार्यों का संचालन किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *