बामपंथी कार्यकर्ताओं ने हडताल के समर्थन में एसबीआई के सामने किया प्रदर्शन

 

आसनसोल, 12 फ़रवरी । दस ट्रेड यूनियनों की ओर से गुरुवार को पूरे देश में औद्योगिक हड़ताल का आह्वान किया गया है। आसनसोल के बीएनआर क्षेत्र में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के कार्यालय के सामने सुबह से ही वामपंथी ट्रेड यूनियन संगठनों की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया।

इस बारे में वामपंथी नेता पार्थ मुखर्जी ने कहा कि दस ट्रेड यूनियनों की ओर से पूरे देश में औद्योगिक हड़ताल का आह्वान किया गया है। इसी के तहत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और उन्होंने अपने बैनर लगाए थे जिसे हटवा दिया गया।

पार्थ मुखर्जी ने कहा कि पुलिस जिस तरह से तृणमूल के इशारे पर भाजपा का समर्थन कर रही है, वह अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि आसनसोल में आंदोलन का इतिहास है, जिसे बाहर से आने वाले पुलिस अधिकारी नहीं जानते हैं। इसलिए वे इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं। इस तरह का व्यवहार आसनसोलवासी बर्दाश्त नहीं करेंगे। पार्थ मुखर्जी का कहना था कि उनका आंदोलन केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ है। आखिर ममता बनर्जी की पुलिस उन्हें आंदोलन करने से क्यों रोक रही है। इससे साबित होता है कि भाजपा और तृणमूल के बीच सांठगांठ है।
उन्होंने साफ कहा कि किसी भी बैंक कर्मचारियों को बैंक के अंदर प्रवेश करने से रोका नहीं गया और वामपंथी शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन पुलिस द्वारा उन्हें आंदोलन करने से भी रोका जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *