
बराकर। पश्चिम बंगाल माध्यमिक परीक्षा का समापन बुधवार को बराकर में पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। परीक्षा के अंतिम दिन परीक्षार्थियों ने बराकर पुलिस प्रशासन और बराकर सब ट्रैफिक गार्ड के सहयोग की सराहना करते हुए अधिकारियों का पुष्प व मिठाई देकर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर वार्ड 66 के पार्षद अशोक पासवान की उपस्थिति में बराकर थाना प्रभारी मेघनाथ मंडल, बराकर सब ट्रैफिक ओसी विनय लायक सहित अन्य अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
छात्र-छात्राओं ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान पुलिस, ट्रैफिक विभाग और सिविक वॉलंटियर्स ने यातायात सुचारु रखने में अहम भूमिका निभाई। एस्कॉर्ट व्यवस्था के कारण परीक्षार्थी बिना किसी परेशानी के समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सके।
विशेष रूप से पार्षद अशोक पासवान की पहल पर दो बसों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 150 परीक्षार्थियों को निःशुल्क आवागमन सुविधा उपलब्ध कराई गई। परीक्षा समाप्ति पर बच्चों के लिए पार्क भ्रमण और जलपान की भी व्यवस्था की गई, जिससे परीक्षा का माहौल पूरी तरह सकारात्मक और तनावमुक्त बना रहा।
