नई दिल्ली, 10 फ़रवरी । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बनने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में थोड़ी गिरावट भी आई, लेकिन कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आ गई। पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.31 प्रतिशत और निफ्टी 0.32 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एटरनल, टाटा स्टील, जियो फाइनेंशियल, टेक महिंद्रा और मारुति सुजुकी के शेयर 2.75 प्रतिशत से लेकर 1.44 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, बजाज फाइनेंस, श्रीराम फाइनेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, इंटर ग्लोब एविएशन और एशियन पेंट्स के शेयर 1.41 प्रतिशत से लेकर 0.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभीतक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,711 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,962 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 749 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 23 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 7 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 36 शेयर हरे निशान में और 14 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 144.25 अंक की मजबूती के साथ 84,210 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण ये सूचकांक गिर कर लाल निशान में 84,063.47 अंक के स्तर तक आ गया। पहले 10 मिनट तक दबाव का सामना करने के बाद बाजार में खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 259.55 अंक की बढ़त के साथ 84,325.30 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 55.35 अंक उछल कर 25,922.65 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में बिकवाली का दबाव बनने के कारण ये सूचकांक फिसल कर 25,870.45 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक ने रफ्तार पकड़ ली। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 83.60 अंक की मजबूती के साथ 25,950.90 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 485.35 अंक यानी 0.58 प्रतिशत की मजबूती के साथ 84,065.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी ने 173.60 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,867.30 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।
