ईसीएल के सातग्राम श्रीपुर एरिया क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में बिजली आपूर्ति काटने के विरोध में सातग्राम एरिया कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन, विधायक हरेराम सिंह के नेतृत्व में आंदोलन तेज

जामुड़िया। ईसीएल के सातग्राम श्रीपुर एरिया कार्यालय द्वारा बिना पूर्व सूचना कई उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति काटे जाने के विरोध में स्थानीय विधायक हरेराम सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को जोरदार आंदोलन और प्रदर्शन किया गया। इस आंदोलन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, किसान, दुकानदार और बिजली उपभोक्ता शामिल हुए।प्रदर्शनकारी सातग्राम श्रीपुर एरिया कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग द्वारा अचानक और बिना सूचना के बिजली काटे जाने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां ठप पड़ गई हैं, वहीं किसानों को सिंचाई में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि समस्या रहित क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति काट दी गई, जिससे जनता में गहरा आक्रोश है। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक हरेराम सिंह ने कहा कि साठग्राम क्षेत्र में पिछले कई दिनों से निर्धारित समय से अधिक बिजली कटौती की जा रही है। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जीवन और स्थानीय दुकानों व कारोबार पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने समस्या का समाधान नहीं किया और जनता की आवाज को अनदेखा किया। इस मौके पर विधायक हरेराम सिंह ने कहा कि बिजली आज के समय में बुनियादी आवश्यकता है और बिना बिजली के सामान्य जीवन संभव नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल नहीं की गई और कटौती के फैसले की समीक्षा नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि बिजली नहीं रहने से दुकानों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। किसानों ने कहा कि सिंचाई पंप बंद पड़े हैं, जिससे फसलों को नुकसान का खतरा बढ़ गया है। वहीं घरों में बुजुर्गों और बच्चों को गर्मी में भारी परेशानी हो रही है वही खबर लिखे जाने तक सातग्राम एरिया कार्यालय या विद्युत विभाग की ओर से बिजली कटौती के कारणों और आपूर्ति बहाली को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *