
आसनसोल। पश्चिम बंगाल सरकार की श्रम दफ्तर से जुड़ी योजनाएं अब जमीन पर असर दिखाने लगी हैं। श्रम दफ्तर की विभिन्न श्रम योजनाओं के तहत अब तक 3 लाख 50 हजार मजदूरों ने पंजीकरण कराया है। इसी को लेकर बुधवार को आसनसोल श्रम कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के श्रम एवं कानून मंत्री मलय घटक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ श्रम दफ्तर के चेयरमैन, डिप्टी चेयरमैन, पश्चिम बर्दवान के जिला शासक एस. पन्ना बालम, आसनसोल नगर निगम के डिप्टी मेयर, कई पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद थे। इस अवसर पर श्रम दफ्तर की उन विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई, जो मजदूरों के हित के लिए चलाई जा रही हैं। साथ ही श्रमिकों को श्रम दफ्तर से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया, ताकि वे योजनाओं का सही लाभ उठा सकें। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मजदूरों की भागीदारी देखने को मिली।
