रानीगंज मे बसंती देवी गोयनका विद्यालय की ओर से 3 किलोमीटर मैराथन रेस का आयोजन

रानीगंज। शांति, स्वास्थ्य और भाईचारे के संदेश के साथ शनिवार को रानीगंज स्थित बसंती देवी गोयनका विद्यालय की ओर से 3 किलोमीटर मैराथन रेस का भव्य आयोजन किया गया। रेस का शुभारंभ पारंपरिक तरीके से कबूतर उड़ाकर किया गया। मैराथन की शुरुआत बसंती देवी गोयनका विद्यालय परिसर से हुई, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ मारवाड़ी सनातन विद्यालय के छात्र और रानीगंज के आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस आयोजन में लगभग 150 विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब रानीगंज, रानीगंज मॉर्निंग वॉकर ग्रुप, रानीगंज रोटरी क्लब तथा सीताराम जी मंदिर के सदस्य उपस्थित रहे और आयोजन का आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मैराथन का संचालन रानीगंज रेफरी एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की मैनेजिंग कमेटी के अध्यक्ष संदीप भालोटिया ने बताया कि रानीगंज में पहली बार स्कूल के बच्चों और आम नागरिकों को साथ लेकर इस प्रकार की मैराथन रेस का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। मैराथन की थीम ‘रन फॉर पीस’ रखी गई, जिसका मकसद समाज में एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करना है, ताकि लोग एक-दूसरे के और करीब आ सकें। उन्होंने यह भी बताया कि रेस को सफल बनाने में रानीगंज रेफरी एसोसिएशन और स्थानीय पुलिस प्रशासन की अहम भूमिका रही। अंत में उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों और संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *