
आसनसोल। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजुमदार बुधवार को आसनसोल दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने आसनसोल भाजपा जिला कार्यालय में एक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित किया। इस प्रेस वार्ता प्रेस की शुरुआत में उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल भाजपा संगठन में बदलाव किया गया है और इस अवसर पर उन्होंने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। इसके बाद उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर एक के बाद एक गंभीर आरोप लगाए। पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री सुकांत मजुमदार ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार किया।उन्होंने आरोप लगाया कि बांकुड़ा के तलडांगा क्षेत्र में कुछ दिन पहले भाजपा कार्यकर्ता पर हमला किया गया, लेकिन इसकी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर प्राथमिकी दर्ज नहीं होती है तो थाने की स्थिति “इसराइल और गाजा” जैसी बना दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि जिस तरह बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ घटनाएं हो रही हैं, उसी प्रकार की स्थिति आसनसोल में भी बने इसकी कोशिश तृणमूल नेतृत्व द्वारा की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आसनसोल बाजार में कई हिंदू परिवारों के घर और दुकानें कुछ लोग धमकाकर जबरन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजुमदार के इन बयानों के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।वही राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इस मुद्दे को लेकर आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति में टकराव और तेज हो सकता है।
