आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर मंगलवार को पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में हुए हमले के विरोध में आसनसोल के बीएनआर मोड़ पर भाजपा ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन भाजपा के जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य के नेतृत्व में किया गया, जिसमें आसनसोल दक्षिण से विधायक अग्निमित्रा पॉल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि जिस तरह से शुभेंदु अधिकारी पर हमला किया गया, उसके विरोध में आज पूरे बंगाल में भाजपा सड़क जाम कर रही है। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, “अगर बंगाल में नेता प्रतिपक्ष सुरक्षित नहीं हैं, तो यहां की कानून-व्यवस्था कैसी है, यह आसानी से समझा जा सकता है। “उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इशारे पर उत्तर बंगाल के मंत्री उदयन गुहा के नेतृत्व में करवाया गया है। अग्निमित्रा पॉल ने कहा, “शुभेंदु अधिकारी लगातार तथ्यों के साथ टीएमसी सरकार पर हमला कर रहे हैं और भ्रष्टाचार को उजागर कर रहे हैं, इसीलिए उन पर यह हमला किया गया। लेकिन इस तरह के हामला से भाजपा को डराया नहीं जा सकता। विधायक अग्निमित्रा पॉल ने मंत्री उदयन गुहा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने केंद्र सरकार से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की अपील की, ताकि बंगाल के लोगों को इस हमले के पीछे के असली गुनहगारों का पता चल सके। उन्होंने कहा कि भाजपा इस तरह के राजनीतिक हमलों का मुंहतोड़ जवाब देगी और जब तक इस घटना के आरोपियों को सजा न मिल जाये तब तक विरोध जारी रखेगी।