पश्चिम बंगाल में तापमान में गिरावट, दार्जिलिंग सबसे ठंडा स्थान

कोलकाता, 12 दिसंबर  । पश्चिम बंगाल में आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने गुरुवार को बताया कि अगले दो दिनों में राज्य में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में किसी खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।

राज्य में दार्जिलिंग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सर्दियों के इस मौसम में पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कालिम्पोंग में भी सर्दी का प्रभाव रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मैदान क्षेत्रों में पुरुलिया सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि श्रीनिकेतन में यह 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी कोलकाता में भी ठंड बढ़ी है। यहां गुरुवार को न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। एक दिन पहले यह तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस था।

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि राज्य में अगले पांच दिनों तक शुष्क मौसम बना रहेगा। उत्तर बंगाल के पर्वतीय इलाकों में 13 दिसंबर तक कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। ठंड और शुष्क मौसम के बीच दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जैसे पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *