नई दिल्ली, 23 जनवरी । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताजी की जयंती को राष्ट्र पराक्रम दिवस के रूप में मनाता है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, “पराक्रम दिवस के रूप में मनाई जा रही नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर मैं अपनी सादर श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। नेताजी ने भारत की स्वतंत्रता के लक्ष्य के लिए असाधारण प्रतिबद्धता प्रदर्शित की थी। उनके अद्वितीय साहस और करिश्माई व्यक्तित्व ने भारतवासियों को औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध निडरता से लड़ने के लिए प्रेरित किया। उनके ओजस्वी व्यक्तित्व का हमारे स्वतंत्रता संग्राम पर गहरा प्रभाव पड़ा। हमारे देशवासी नेताजी को कृतज्ञतापूर्वक सदैव याद रखेंगे।”