फिर दिल्ली गए नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, अमित शाह से मुलाकात की संभावना

 

कोलकाता, 25 जुलाई । वरिष्ठ भाजपा विधायक और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी मंगलवार दोपहर दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। दमदम हवाई अड्डे से वह दिल्ली के लिए रवाना हुए। जब उनसे पूछा गया कि‌ ऐसी क्या आपातकालीन जरूरत पड़ गई कि उनको अचानक दिल्ली जाना पड़ रहा है? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि कुछ जरूरी काम है इसलिए जाना पड़ रहा है।
हालांकि क्या कुछ जरूरी काम है इस बारे में उन्होंने साफ तौर पर नहीं बताया।
प्रदेश भाजपा सूत्रों ने बताया है कि केंद्रीय नेतृत्व के बुलावे पर वह दिल्ली गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी मुलाकात की संभावना है। इसके पहले वह रविवार को ही दिल्ली गए थे जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ उनकी बैठक हुई थी। सोमवार को ही बैठक खत्म कर वह रात को लौटे हैं और मंगलवार अपराह्न एक बार फिर उनके दिल्ली जाने के बाद राज्य की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है।
खास बात यह है कि आज ही भारतीय जनता पार्टी के विधायक विष्णुपद रॉय का निधन हुआ है और कायदे से उनके अंतिम संस्कार में शुभेंदु अधिकारी को शामिल होना था। सूत्रों ने बताया है कि बंगाल भाजपा अध्यक्ष बदलने को लेकर दिल्ली में मंथन चल रही है। इस बिच शुभेंदु के दिल्ली सफर पर सभी की निगाहें टिक गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *