कोलकाता, 7 जुलाई । पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के लिए शनिवार को मतदान होना है। इसके पहले गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात उत्तर बंगाल के कूचबिहार जिला अंतर्गत दिनहटा में जमकर हिंसा हुई है। यहां रुक रुक कर कई बार हुई बमबारी और गोलीबारी में भाजपा कार्यकर्ता सहित तीन लोगों को गोली लग गई है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा चार अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं पर चाकू से हमला किया गया है। एक भाजपा कार्यकर्ता का सिर फट गया है यह घटना काल माटी इलाके में हुई है। इसके अलावा दिनहटा के ही उखड़ाबाड़ी ग्राम पंचायत इलाके में कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं को मारा पीटा गया है और चाकुओं से गोद दिया गया है। इन तमाम मामलों में हमले का आरोप सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगा है। दरअसल गुरुवार शाम 5:00 बजे पंचायत चुनाव के लिए मतदान थम गया था। इसके बाद भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में पार्टी दफ्तरों में बैठक कर रहे थे। देर रात के समय वहां से वापस जाते वक्त उन्हें घेर कर हमला किया गया है। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज की है लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।