राष्ट्र विकास, सामाजिक परिवर्तन में मीडिया की अहम भूमिका : प्रो. द्विवेदी

माऊंट आबू। 06 मई : प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभाग द्वारा 4 वर्ष के अंतराल पर ज्ञान सरोवर आबू पर्वत में आयोजित मीडिया सम्मेलन के उदघाटन सत्र को संबोधित करते हुए भारतीय जन संचार संस्थान(आईआईएमसी) के महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी ने कहा कि मीडिया को सत्य के मार्ग पर चलते हुए सामाजिक बुराईयों को उजागर करना चाहिये। देश के विकास में अपनी जिम्मेवारी के निर्वहन के लिये स्वतंत्रता पूर्व की पत्रकारिता के आदर्श सामने रखने होंगे। उन्होंने कहा कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत के सपनों को सच करने के लिए सकारात्मक संवाद पर जोर देने की आवश्यकता है। तभी हम अमृतकाल के सपनों को सच कर पाएंगे। प्रो. द्विवेदी ने कहा कि मीडिया साक्षरता आज की जरूरत है।
सोशल मीडिया के प्रसार की चुनौतियों की चर्चा के साथ प्रो. द्विवेदी ने बापू गांधी के तीन उपदेशों को नया रूप देते हुए कहा कि “बुरा मत टाइप करो, बुरा मत लाइक करो, बुरा मत शेयर करो” का सिद्धांत अपनायेंगे तो सोशल मीडिया के कारण उत्पन्न फेक न्यूज,हेट न्यूज जैसी चुनौतियों से निपट सकते हैं।
कार्यक्रम के आरंभ में चंडीगढ़ से आई सिमोनी ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया, कार्यक्रम का शुभारंभ नृत्यांगन अकादमी खडगपुर से आये कलाकारों ने श्री गणेश वंदना से किया जबकि औपचारिक उदघाटन में गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित किया


मीडिया प्रभाग के मुख्यालय समन्वयक शान्तनु भाई ने स्वागत संबोधन में कहा कि हमारा नारा स्व: परिवर्तन से विश्व परिवर्तन है। हमारा विश्वास है कि आध्यात्मिकता के मार्ग पर चलने से कई समस्याएं अपने आप सुलझ जाती है। मूल्यानिष्ठ मीडिया विश्व परिवर्तन में अहम भूमिका निभा सकता है।
बफरिंग मीडिया टैक्रोलॉजी, मुंबई के सह संस्थापक व निदेशक अमित वाधवानी ने कहा कि भारत में सोशल मीडिया हर घर पर हावी हो रहा है जबकि चीन में आधी आबादी सोशल मीडिया से वंचित है। न्यूज चैनलों में समाचार प्रस्तुति के साथ लोग मंनोरंजन की उम्मीद करने लग पड़े हैं। ऐसे अनेक स्थानीय स्तर के समाचार पत्र उभर कर आ रहे हैं जिनमें 90 प्रतिशत तक पेड न्यूज होती है और लोग उससे भ्रमित हो जाते हैं। न्यूज चैनलों पर राजनीति हावी हो रही है। लेकिन हमारी मान्यता है कि मीडिया के पास जो जादुई शक्ति है उसका सदुपयोग होना चाहिये। इंडिया टूडे मीडिया संस्थान के निदेशक डा. ध्रुव ज्योति पाटी ने कहा कि कोरोना काल में मीडिया ने सरकार और जनता के बीच पुल का काम करते हुए बढिया भूमिका निभाई। डिजीटल मीडिया की चुनौतियों के बावजूद प्रिंट मीडिया को लोकतंत्र के विकास में संवेदनशील भूमिका निभाते रहना चाहिये।
अंतर्राष्ट्रीय पहलवान व बालीवुड अभिनेता संग्राम सिंह ने कहा कि सकारात्मकता के मार्ग पर चलकर मीडिया राष्ट्र विकास में अहम भूमिका निभा सकता है। मीडिया प्रभाग के अध्यक्ष करूणा भाई व ब्रह्माकुमारीज की संयुक्त प्रमुख डा. निर्मला दीदी ने आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?