भाजपा नेता की हत्या के खिलाफ 12 घंटा बंद,चक्का जाम करने सुबह से ही मोयना की सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता

 

कोलकाता, 3 मई । पूर्व मेदिनीपुर के मोयना में भाजपा नेता विजय कृष्ण भुइयां की हत्या के खिलाफ आज बुधवार को पार्टी द्वारा आहूत 12 घंटे बंद का असर सुबह से ही दिख रहा है। सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर हैं। टायर जलाए जा रहे हैं, सड़क पर बैठकर नारेबाजी हो रही है और गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई है। बाजार, दुकान, स्कूल आदि बंद हैं। मोयना के अन्नपूर्णा बाजार में सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था जिसकी वजह से दुकानें नहीं खुलीं।
इधर पुलिस ने बंद को विफल करने के लिए सुबह से ही तैयारियां की थी। अतिरिक्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती सड़कों पर है लेकिन कोई लाभ नहीं दिख रहा।
बलाइपंडा बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर दुकानें बंद करवाई है। दरअसल एक मई की रात मोयना के भाजपा बूथ अध्यक्ष विजय कृष्ण भुइयां को कुछ लोगों ने उनकी पत्नी के सामने मारा पीटा था। उसके बाद उठा ले गए थे और हत्या कर शव को घर के पास फेंक गए। मामले में 34 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की है।
उल्लेखनीय है कि वारदात के बाद नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और 12 घंटे बंद का आह्वान किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?