गृह राज्य मंत्री पर हमले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ जारी रहेगी जांच, नहीं होगी कार्रवाई

 

कोलकाता, 19 अप्रैल । केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशित प्रमाणिक पर हमले को लेकर नामजद भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस जांच जारी रख सकती है लेकिन कोई कानूनी कार्रवाई नहीं कर सकेगी। कलकत्ता हाई कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजशेखर मंथा ने बुधवार को यह निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट में यह मामला चल रहा है। जब तक इस पर फैसला नहीं आ जाता तब तक भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। पुलिस अपने मुताबिक जांच कर सकती है।
उल्लेखनीय है कि गत 25 फरवरी को कूचबिहार के दिनहटा में निशिथ के काफिले पर हमला हुआ था। आगजनी तोड़फोड़ पथराव और बमबारी के बाद उन्होंने आरोप लगाया था कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ मिलकर उनकी हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में पुलिस ने 23 भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। घटना की सीबीआई जांच का आदेश तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश प्रकाश श्रीवास्तव ने दिया था लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। इसके बाद एक बार फिर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी से राहत के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इसी पर बुधवार को फैसला आया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *