कोलकाता, 15 मार्च । नए राज्यपाल डॉक्टर सीवी आनंद बोस की नियुक्ति के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की करीबी अधिकारी मानी जाने वाली आईएएस अधिकारी नंदिनी चक्रवर्ती बुधवार को एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से निकट संबंधों की वजह से राजभवन को गुमराह करने के आरोपों में घिरीं चक्रवर्ती राज्य सचिवालय में इंडस्ट्रियल प्रमोशन बोर्ड की बैठक में उपस्थित थीं। उन्होंने हाल ही में पश्चिम बंगाल पर्यटन विभाग को बर्लिन से मिले पुरस्कार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को थमा दिया। मीडिया के कैमरों के सामने यह पुरस्कार उन्होंने सीएम को सौंपा जिसके बाद माना जा रहा है कि राजभवन से उन्हें हटाए जाने के बाद राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने का संकेत दिया है।
1994 बैच की आईएएस अधिकारी नंदिनी राज्य सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों में पदभार संभाल चुकी हैं। पश्चिम बंगाल उद्योग विकास निगम की जिम्मेदारी भी वह संभाल चुकी हैं। हाल ही में उन्हें राज्यपाल का प्रधान सचिव बनाया गया था लेकिन भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाए थे कि वह ममता बनर्जी के निर्देश पर राज्यपाल को गुमराह कर रही हैं और विपक्ष की बातें नहीं पहुंचाने दे रहीं। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें रातोंरात पद से हटा दिया था। उसके बाद से नंदिनी मीडिया के सामने नहीं आई थीं। अब सीधे सचिवालय में सीएम के पास वह दिखी हैं।