प्रशासनिक हड़ताल करेंगे नौ मार्च को सरकारी कर्मचारी


 

कोलकाता, 22 फरवरी । महंगाई भत्ता (डीए) की मांग पर दो दिनों के कार्य विराम के बाद अब सरकारी कर्मचारी आगामी नौ मार्च को प्रशासनिक हड़ताल करने जा रहे हैं। सरकारी कर्मचारियों के कई संगठन इसमें एक साथ मिलकर भाग लेंगे। इससे पहले सोमवार और मंगलवार को दो दिनों तक कर्मचारियों ने कार्य विराम की थी। राज्यभर के सरकारी दफ्तरों में समय पर कर्मचारी पहुंचे तो थे लेकिन दिन भर अपना नियमित काम नहीं किया था।

सरकारी कर्मचारियों के संगठन के बीच कोऑर्डिनेशन कमेटी की ओर से विश्वजीत गुप्त चौधरी ने बुधवार को कहा कि मार्च महीने की नौ तारीख को तीन मांगों को लेकर संगठन प्रशासनिक हड़ताल करने वाला है। पहली जल्द से जल्द बकाया महंगाई भत्ता देने की मांग, दूसरी रिक्त पड़े सरकारी पदों पर पारदर्शी तरीके से नियुक्ति और भेदभाव की राजनीति छोड़कर स्वच्छ तरीके से प्रशासनिक परिचालन करना होगा। हालांकि सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस से जुड़े सरकारी कर्मचारियों के फेडरेशन ने आगामी नौ मार्च को हड़ताल के आह्वान की विरोधिता की है। संगठन की ओर से मनोज चक्रवर्ती ने कहा है कि नैतिक तौर पर हमलोग हड़ताल और कार्य विराम के खिलाफ है। हमारा मानना है कि बातचीत के जरिए ही हर समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि सरकारी कर्मचारियों के दो दिनों के कार्य विराम में 32 संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया था। माना जा रहा है कि नौ मार्च को अगर प्रशासनिक हड़ताल में ये सारे संगठन हिस्सा लेते हैं तो राज्य भर में सरकारी कार्य उस दिन ठप पड़ जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?