पश्चिम बंगाल में चुनाव लड़ेगी हिंदू महासभा, जारी करेगी घोषणा पत्र भी

 

कोलकात । हाल ही में दुर्गा पूजा के समय महात्मा गांधी को महिषासुर की जगह स्थापित कर विवादों में घिरी हिंदू महासभा पश्चिम बंगाल में चुनाव लड़ने की तैयारी में है। पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष चंद्रचूड़ गोस्वामी ने शुक्रवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि आने वाले पंचायत और लोकसभा चुनाव पार्टी लड़ेगी। इसके लिए आगामी सोमवार को एक घोषणा पत्र जारी किया जाएगा जिसमें पार्टी की भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी जानी है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को मुख्य प्रतिद्वंदी बताते हुए कहा कि भाजपा हिंदुत्व के नाम पर लोगों को लगातार बेवकूफ बना रही है। हिंदू महासभा इस मिथक को तोड़ेगी कि भाजपा हिंदुत्व की झंडा बरदार है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सबसे बदहाल समुदाय अगर कोई है तो वह हिंदू है। उसके हित के नाम पर वोट बटोरने वाली भाजपा के नेता हिंदुओं की भलाई या बेहतरी के लिए कुछ नहीं करते। हिंदू महासभा जीतेगी तो बंगाल में हिंदू हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नूपुर शर्मा विवाद से लेकर मोमिनपुर हिंसा तक भाजपा ने कहीं भी हिंदुत्व के मुद्दे पर किसी की मदद नहीं की। गोस्वामी ने कहा कि अगर हिंदू महासभा बंगाल में मजबूत होती है तो यहां लोगों के लिए जीरो इनकम टैक्स और 60 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए पेंशन की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को फिक्स डिपॉजिट पर तीन फ़ीसदी अधिक ब्याज दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *