कोलकाता । कोलकाता के इकबालपुर थाना अंतर्गत मोमिनपुर इलाके में गत रविवार को हुई सामुदायिक हिंसा के सिलसिले में कलकत्ता हाई कोर्ट ने ममता सरकार से रिपोर्ट मांगी है। घटना की एनआईए जांच संबंधी दो याचिकाएं लगी हैं जिस पर न्यायमूर्ति जय माल्य बागची की एकल पीठ में सुनवाई हुई। न्यायाधीश ने इस पर राज्य सरकार की भूमिका पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना हुई लेकिन राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को इस बारे में जानकारी क्यों नहीं दी गई। बुधवार को इस मामले में एक जनहित याचिका लगी थी जिस पर सुनवाई हुई। इसके पहले गत सोमवार को नवेंद्र कुमार बनर्जी ने ईमेल कर कलकत्ता हाई कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश प्रकाश श्रीवास्तव का ध्यानाकर्षण किया था और मामले में एनआईए जांच की मांग की थी। उसके बाद मंगलवार को उन्होंने याचिका लगाई थी। उसके बाद भाजपा अधिवक्ता सेल की ओर से सुष्मिता साहा दत्त ने इस संबंध में एक और जनहित याचिका लगाई है जिस पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने इस मामले में राज्य सरकार से लिखित में जवाब मांगा है और पूछा है कि आखिर क्यों एनआईए को जानकारी नहीं दी गई।
