जामुड़िया। जामुड़िया थाना पुलिस को दुर्गापूजा से पहले बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की रात जामुड़िया स्थित सिनेमा हॉल मोड़ के पास एक घर में डकैती की योजना बना रहे,तीन लोगों को डकैती करने से पहले बंदूक सहित गिरफ्तार किया। जामुड़िया थाना प्रभारी राहुल देव मंडल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम को खबर मिली कि रात के लगभग 12 बजकर 15 मिनट पर कुछ लोग एक घर में जमा हुए हैं और डकैती की योजना बना रहे है। मौके पर पहुंच कर जामुड़िया थाना पुलिस छापामारी कर तीन को गिरफ्तार किया। बाकी आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्ति के पास से एक बंदूक और एक ताजा कारतूस बरामद किया है। ज्ञात हुआ है कि गिरफ्तार लोगों में एक जमुड़िया के शिबडंगा निवासी तुफान राय, हीरापुर थाना क्षेत्र के न्यू टाउन निवासी उमेश बेद और रानीगंज के जेके नगर निवासी महेंद्र पासी शामिल हैं। आरोपियों को डकैती के उद्देश्य से इकट्ठा होने और आग्नेयास्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया और शुक्रवार को जिला अदालत के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने उन्हें अपनी हिरासत में लेने का अनुरोध किया।