सप्तमी की सुबह दुर्गापुर में दर्दनाक हादसा, ट्रक से टकराई बाइक, तीन की मौत

मृतकों में आसनसोल के हीरापुर निवासी दो युवक और बांंकुड़ा की युवती शामिल, त्योहार के उल्लास के बीच पसरा मातम

दुर्गापुर। दुर्गापूजा के उल्लास के बीच सप्तमी की सुबह दुर्गापुर में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक के पीछे बाइक टकराने से बाइक सवार दो युवकों और एक युवती की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सायन गोस्वामी, तन्मय घोष और कृष्णा गांगुली के रूप में हुई है। सायन और तन्मय आसनसोल के हीरापुर के रहने वाले थे, जबकि कृष्णा का घर बांंकुड़ा में बताया गया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सप्तमी की सुबह तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर  दुर्गापुर के भिरिंगी मोड़ से पियाला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी बाइक आगे चल रहे एक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को घटना की सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल दुर्गापुर महकमा अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, उनकी हालत बेहद गंभीर थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः तीनों ने दम तोड़ दिया। दुर्गापूजा के दौरान जहां पूरा इलाका उत्सव के रंग में डूबा हुआ है, वहीं इस हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। दो युवा दोस्तों और उनकी महिला मित्र की एक साथ मौत की खबर से उनके परिचितों में भी शोक व्याप्त है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बाइक ट्रक के पीछे किस वजह से टकराई, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *