
महिषासुर पर मां दुर्गा की विजय बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है : संतोष सिंह
जामुड़िया। दुर्गोत्सव के उल्लास के बीच जामुड़िया के न्यू केंदा कोलियरी अंतर्गत ईस्ट केंदा कॉलोनी सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति की ओर से आयोजित दुर्गापूजा का शुभारंभ विधिवत रूप से किया गया। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी संतोष सिंह ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों और पूजा समिति के सदस्यों में उत्साह देखने को मिला। मां दुर्गा की आराधना के साथ क्षेत्र में दुर्गोत्सव की रौनक बढ़ गई।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए संतोष सिंह ने कहा कि मां दुर्गा शक्ति, साहस और नारी सामर्थ्य की प्रतीक हैं। प्रत्येक महिला में शक्ति का वास होता है और आवश्यकता पड़ने पर वह अपनी क्षमता से बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना कर सकती है। उन्होंने कहा कि जब महिषासुर के अत्याचार से चारों ओर त्राहि-त्राहि मची हुई थी, तब मां दुर्गा ने उसका वध कर अधर्म का अंत किया था। यह प्रसंग अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और सत्य की विजय का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज की नारी को अबला समझना गलत है। महिलाएं शिक्षा, राजनीति, सामाजिक सेवा, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा तथा क्षमता का परिचय दे रही हैं। नारी शक्ति का सम्मान करना और महिलाओं को समान अवसर देना समाज की जिम्मेदारी है। मां दुर्गा की आराधना तभी सार्थक होगी, जब समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता की भावना मजबूत होगी। संतोष सिंह ने दुर्गापूजा के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। दुर्गोत्सव लोगों को आपसी सद्भाव, एकता और भाईचारे के साथ रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा मनाने तथा त्योहार के माध्यम से सामाजिक एकता को मजबूत करने की अपील की। राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद धार्मिक आयोजनों को लेकर लोगों की अपेक्षाएं बढ़ी हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावना में विश्वास करती है। उनके अनुसार, धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए तथा सभी समुदायों को अपने पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का अवसर मिलना चाहिए। उद्घाटन समारोह में भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, भाजपा नेता शांतनु बनर्जी, भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के नेता अक्षयलाल यादव, पूजा समिति के सचिव दीपक कुडू, सह सचिव सन्नी सिंह, कोषाध्यक्ष मनोजीत गोस्वामी, चंदन पासवान, रमाकांत राम, बच्चू बाउरी और छोटन अहीर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। समारोह के दौरान पूजा समिति के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। स्थानीय लोगों की सहभागिता के बीच पूजा पंडाल का उद्घाटन संपन्न हुआ। इसके साथ ही ईस्ट केंदा कॉलोनी में दुर्गोत्सव की तैयारियों ने उत्सवी माहौल को और जीवंत कर दिया।
