आसनसोल के धेमोमेन कोलियरी में अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर बन रहा दुर्गापूजा पंडाल

आसनसोल। दुर्गापूजा को लेकर आसनसोल शिल्पांचल में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच धेमोमेन कोलियरी का दुर्गापूजा पंडाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रहा है। यहां उत्तर प्रदेश के अयोध्या में निर्मित भव्य राम मंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार किया जा रहा है। निर्माण कार्य लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है। पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए मंदिर की शैली में नक्काशी, गुंबद और रोशनी की विशेष व्यवस्था की जा रही है। आयोजकों को उम्मीद है कि दुर्गापूजा के दौरान इसे देखने के लिए आसनसोल सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इस बीच भाजपा नेता बिरजू यादव ने पूजा पंडाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धेमोमेन कोलियरी की मौजूदा स्थिति को लेकर राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि यहां अब ‘रावण राज’ समाप्त हो गया है, इसलिए राम मंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में भय के माहौल के कारण स्थानीय लोग खुलकर दुर्गापूजा का आयोजन नहीं कर पाते थे। बिरजू यादव ने दावा किया कि पहले यहां मेला लगाने की अनुमति नहीं दी जाती थी और राम के भजन बजाने पर भी रोक लगाई जाती थी। इससे लोगों की धार्मिक गतिविधियां प्रभावित होती थीं। उन्होंने कहा कि अब परिस्थितियों में बदलाव आया है और लोग उत्साह के साथ पूजा की तैयारियों में जुटे हैं। उनके अनुसार, भाजपा सरकार तथा पुलिस-प्रशासन के सहयोग से इस बार भव्य स्तर पर पूजा आयोजन संभव हो पा रहा है। भाजपा नेता ने कहा कि पूजा को सफल बनाने में ईसीएल प्रबंधन और स्थानीय लोगों का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राम मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जा रहा यह पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगा और दुर्गापूजा के माध्यम से क्षेत्र में एकता, सद्भाव और भक्ति का संदेश प्रसारित होगा। फिलहाल पंडाल को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है। दुर्गापूजा नजदीक आने के साथ ही स्थानीय लोगों में उत्साह बढ़ रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि तैयारियां पूरी होने के बाद राम मंदिर की झलक प्रस्तुत करने वाला यह पंडाल श्रद्धालुओं को कितना आकर्षित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *