पश्चिम बर्दवान के कॉलेजों में गवर्निंग बॉडी के नए अध्यक्ष नियुक्त, भाजपा विधायकों को मिली जिम्मेदारी

जामुड़िया। पश्चिम बंगाल सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य के विभिन्न महाविद्यालयों में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से गवर्निंग बॉडी के नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। विभाग की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, पश्चिम बर्दवान जिले के कई प्रमुख महाविद्यालयों में स्थानीय विधायकों को गवर्निंग बॉडी का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। नियुक्तियां ‘वेस्ट बंगाल यूनिवर्सिटीज एंड कॉलेजेज (एडमिनिस्ट्रेशन एंड रेगुलेशन) एक्ट, 2017’ के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए की गई हैं। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के बाद जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक एवं शैक्षणिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। आदेश के अनुसार, नए अध्यक्षों के पदभार ग्रहण करने के साथ ही संबंधित महाविद्यालयों में पहले से कार्यरत प्रशासकों का कार्यकाल समाप्त माना जाएगा। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। अधिकारिक सूची के अनुसार, देशबंधु महाविद्यालय के गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी विधायक अरिजित रॉय को सौंपी गई है। वहीं दुर्गापुर वुमेन्स कॉलेज और माइकल मधुसूदन मेमोरियल कॉलेज के गवर्निंग बॉडी अध्यक्ष के रूप में दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी को मनोनीत किया गया है। जामुड़िया के काजी नजरुल इस्लाम महाविद्यालय की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी को दी गई है। इसी प्रकार पांडवेश्वर कॉलेज के गवर्निंग बॉडी अध्यक्ष के रूप में विधायक जितेंद्र तिवारी को नियुक्त किया गया है।आसनसोल गर्ल्स कॉलेज तथा बिधान चंद्र कॉलेज के गवर्निंग बॉडी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी को सौंपी गई है। वहीं बनवारीलाल भालोटिया (बीबी) कॉलेज की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष के रूप में आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं मंत्री अग्निमित्रा पॉल को मनोनीत किया गया है। इसके अलावा खांद्रा कॉलेज, रानीगंज गर्ल्स कॉलेज और त्रिवेणी देवी भालोटिया कॉलेज की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक पार्थ घोष को दी गई है। वहीं कुल्टी कॉलेज की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष के रूप में मंत्री एवं विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार की नियुक्ति की गई है। उच्च शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार, इन नियुक्तियों के बाद संबंधित महाविद्यालयों की गवर्निंग बॉडी का संचालन नए अध्यक्षों के नेतृत्व में होगा। नए अध्यक्षों के पदभार संभालने के साथ ही पूर्व में नियुक्त प्रशासकों का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। इससे महाविद्यालयों के प्रशासनिक एवं नीतिगत कार्यों के संचालन में नई व्यवस्था प्रभावी होगी। गवर्निंग बॉडी महाविद्यालय के प्रशासन, विकास कार्यों, विभिन्न शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों तथा संस्थान के व्यापक हित से संबंधित महत्वपूर्ण मामलों में भूमिका निभाती है। ऐसे में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अध्यक्ष की जिम्मेदारी दिए जाने से संबंधित क्षेत्रों के महाविद्यालयों और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है। पश्चिम बर्दवान जिले के एक साथ कई प्रमुख महाविद्यालयों में गवर्निंग बॉडी के अध्यक्षों की नियुक्ति को उच्च शिक्षा विभाग का महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है। इससे महाविद्यालयों के संचालन में लंबे समय से चल रही प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव आएगा और नए अध्यक्षों के नेतृत्व में संस्थानों के विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी। विभाग की अधिसूचना के बाद अब संबंधित महाविद्यालयों में नए अध्यक्षों के पदभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके साथ ही महाविद्यालयों की गवर्निंग बॉडी के स्तर पर प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *