
कोलकाता, 23 अगस्त। पढ़ेगा भारत तो बढ़ेगा भारत की युक्ति को ध्यान में रखते हुए सरस्वती वर्ल्ड स्कूल, मेलियर स्कूल और प्रॉम हाई स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को हुगली जिला स्थित चिनसुरा के रवींद्र भवन में एजुकेशन एक्सीलेंस कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया गया। सरस्वती वर्ल्ड स्कूल के विनोद कुमार सिंह और विक्रांत सिंह ने बताया कि इस मौके पर 50 से अधिक मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रणाम पत्र दिया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा को केवल परीक्षा परिणाम के अंकों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि शिक्षा के जरिए चरित्र निर्माण हो, छात्रों का आत्मविश्वास बढ़े इस दिशा में सार्थक कार्यों की जरूरत है। इस मौके पर बतौर अतिथि चिनसुरा के विधायक सुबीर नाग और उत्तरपाड़ा के विधायक दीपांजन चक्रवर्ती उपस्थित थे। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किया गया।
