
अंडाल। अंडाल थाना क्षेत्र के ईसीएल की परासकोल ईस्ट कोलियरी में शनिवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर डकैती की वारदात को अंजाम देने का आरोप है। धारदार हथियारों से लैस करीब आठ से दस बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को घेर लिया। विरोध करने पर सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। इसके बाद बदमाश नकदी, मोबाइल फोन और सोने की चेन समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद कोलियरी परिसर में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात बदमाश अचानक परासकोल ईस्ट कोलियरी परिसर में दाखिल हुए। नकाबपोश बदमाशों के हाथों में धारदार हथियार थे। उन्होंने वहां ड्यूटी कर रहे सुरक्षाकर्मियों को अपने कब्जे में ले लिया। आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और भयभीत कर उनसे सामान छीन लिया गया। घटना के बाद पीड़ित सुरक्षाकर्मी रामबदन कहार ने बताया कि बदमाशों ने उनसे करीब छह हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन छीन लिया। वहीं, कोलियरी के ‘हाजिरी बाबू’ से कथित तौर पर 15 से 16 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और सोने की चेन लूट ली गई। बदमाशों ने अन्य कर्मचारियों को भी डराया-धमकाया और उनके साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। लूटपाट के बाद बदमाशों ने कोलियरी के टेलीफोन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद सभी सुरक्षाकर्मियों को कथित तौर पर एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी गई। इस घटना से स्पष्ट है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले सुरक्षा व्यवस्था को निष्क्रिय करने का प्रयास किया, ताकि तत्काल पुलिस या अन्य अधिकारियों को सूचना न दी जा सके। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बदमाशों का मुख्य उद्देश्य कोलियरी परिसर से तांबे का सामान चोरी करना बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। वारदात के दौरान बदमाशों ने जिस तरह सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर लूटपाट की, उससे कोलियरी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वही घटना की खबर फैलते ही खदान क्षेत्र के श्रमिकों और आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया। रात की पाली में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।घटना की सूचना मिलने के बाद अंडाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया तथा घटना के संबंध में कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों से जानकारी जुटाई। पुलिस बदमाशों की संख्या, उनके आने-जाने के रास्ते और घटना के दौरान उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस आसपास के इलाकों में भी संदिग्धों की तलाश कर रही है। बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित सुराग खंगाले जा रहे हैं। घटना में लूटे गए सामान की बरामदगी को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल मामले में किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस घटना ने ईसीएल की खदानों और कोलियरी परिसरों में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद हथियारबंद बदमाशों के परिसर में प्रवेश कर उन्हें बंधक बनाने और कथित तौर पर लूटपाट करने से सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। खासकर रात की पाली में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर अब सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग उठ रही है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात में शामिल बदमाश कौन थे, उनका वास्तविक उद्देश्य क्या था और वे कोलियरी परिसर में किस रास्ते से दाखिल हुए थे। फिलहाल इस दुस्साहसिक वारदात के बाद परासकोल कोलियरी क्षेत्र में भय और सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।
