
आसनसोल। आसनसोल महावीर स्थान महावीर अखाड़ा के 100 वर्ष पूरे होने की खुशी में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इसके साथ ही दुर्गापूजा के उपलक्ष्य में खूंटी पूजा का भी आयोजन किया गया।
कमेटी की ओर से अर्जुन साव ने बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा आसनसोल के जीटी रोड होते हुए राहालाइन से हटन रोड मोड़ पहुंची और वहां से महावीर स्थान आकर समाप्त हुई। उन्होंने बताया कि इससे पहले दुर्गापूजा उत्सव को ध्यान में रखते हुए खूंटी पूजा का आयोजन किया गया। वहीं, महावीर अखाड़ा के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा नेता शंकर चौधरी ने कहा कि पूरे पश्चिम बंगाल में इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से पश्चिम बंगाल के साथ-साथ आसनसोल के निवासी भी इस तरह का आयोजन कर रहे हैं, जो काफी सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलकर इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं। तिरंगा यात्रा में महावीर अखाड़ा कमेटी के सभी सदस्य और मंत्री सदस्यों ने एक जैसे वस्त्र पहने थे। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के अंदाज में शोभायात्रा की शुरुआत की गई।
