
पश्चिम बर्दवान, 01 जुलाई ।राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) के अवसर पर कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक एवं राज्य मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार की ओर से एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क दवाइयों का लाभ उठाया।
आयोजित शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच की गई तथा जरूरत के अनुसार उन्हें दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। शिविर में आए लोगों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए काफी सहायक साबित होते हैं।
डॉ. अजय कुमार पोद्दार लंबे समय से क्षेत्र में चिकित्सा सेवा से जुड़े रहे हैं और जनप्रतिनिधि बनने के बाद भी स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अपनी सक्रियता बनाए हुए हैं। स्थानीय स्तर पर वे चिकित्सा सेवा और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों के बीच लगातार मौजूद रहते हैं।
इस अवसर पर डॉ. पोद्दार ने कहा कि एक चिकित्सक के रूप में उनका पहला दायित्व मरीजों का उपचार करना है। उन्होंने कहा कि इलाज के दौरान किसी व्यक्ति की जाति, धर्म, राजनीतिक पहचान या आर्थिक स्थिति नहीं देखी जाती, बल्कि हर मरीज को समान रूप से चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते भी वे लोगों की समस्याओं के समाधान और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास करते हैं। उनके अनुसार स्वास्थ्य सेवा, विकास और सामाजिक सहयोग— इन तीनों क्षेत्रों में निरंतर काम करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में समय-समय पर आयोजित ऐसे स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डॉक्टर दिवस पर आयोजित इस शिविर ने चिकित्सा सेवा और जनसेवा के समन्वय का संदेश भी दिया।
