
जामुड़िया। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के केंदा एरिया के अंतर्गत आने वाले न्यू केंदा क्वेरी नंबर 3 ओपन कास्ट प्रोजेक्ट में सोमवार को उस समय हलचल शुरू हो गई जब खदान के एक हिस्से से अचानक धुएं का एक विशाल और डरावना बवंडर उठने लगा। आसमान को ढकते काले धुएं के इस गुबार को देखकर आसपास के गांवों में रहने वाले स्थानीय नागरिक और कोयला मजदूर बुरी तरह घबरा गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना न्यू केंदा कुआरी -3 के खेपाडांगा माझीपाड़ा इलाके के समीप स्थित ओसीपी में घटित हुई।प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि खदान के इस हिस्से में पहले कभी इस तरह की भयावह आग या धुएं का प्रकोप नहीं देखा गया था। पहले कभी-कभार बहुत ही हल्का धुआं निकलता दिखाई देता था, जिसे सामान्य माना जाता था, लेकिन आज अचानक से ज्यादा धुवां निकलने लगा। स्थानीय जानकारों का मानना है कि यह कोयले की परतों में होने वाली भूमिगत आग यानी अंडरग्राउंड फायर Underground Fire के अचानक सतह पर आ जाने के कारण हुआ है, जो समय रहते नियंत्रित न किए जाने पर एक बड़े हादसे का रूप ले सकती है।
