
कोलकाता, 26 जून 2026 — यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पूर्व रेलवे मुख्यालय में आज एक उच्चस्तरीय स्टोर्स समन्वय बैठक आयोजित की गई। महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर के नेतृत्व में हुई इस बैठक में प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री परमानंद शर्मा, प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री संदीप शुक्ला तथा स्टोर्स, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ट्रेनों के अनुरक्षण और उत्पादन गतिविधियों में बाधा उत्पन्न होने से रोकने हेतु आपूर्ति श्रृंखला को और अधिक सुदृढ़ और सुव्यवस्थित बनाना था। महाप्रबंधक ने कहा कि अग्रिम योजना, विभागीय समन्वय तथा आपूर्ति बाधाओं का त्वरित निवारण सुनिश्चित कर ट्रेनों की यांत्रिक विश्वसनीयता बढ़ाई जा सकती है और अनुरक्षण में विलंब की संभावनाएं समाप्त हो सकती हैं। इससे पूरी पूर्व रेलवे नेटवर्क पर रेल परिचालन की सुरक्षा और दक्षता में सुधार होगा।
विशेष रूप से बैठक में कैरिज, वैगन व ईएमयू के रखरखाव के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण सामग्रियों की निरंतर उपलब्धता पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने मांग नियोजन, समयबद्ध क्रय, प्रभावी भंडार प्रबंधन और समय पर सामग्री आपूर्ति जैसे कदमों पर चर्चा की ताकि दैनिक लाखों यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुचारु यात्रा उपलब्ध करायी जा सके।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने कहा कि यह पहल अनुरक्षण इकाइयों को समय पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इसके लागू होने से आने वाले समय में यात्रियों के लिए और भी अधिक विश्वसनीय, समयनिष्ठ तथा आरामदायक रेल सेवा सुनिश्चित होगी।
बैठक सभी विभागों के समन्वय व प्रतिबद्धता के साथ समाप्त हुई, और अधिकारियों ने उत्पादन एवं अनुरक्षण गतिविधियों को निरंतर बनाए रखने के लिए सतत प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया।
