
आसनसोल-दुर्गापुर मेट्रो, मेडिकल कॉलेज और निवेश प्रोत्साहन योजनाओं का किया स्वागत, दामोदर ब्रिज व स्टेडियम नवीनीकरण को लेकर जताई अपेक्षा
आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा में वित्त मंत्री स्वपन दास गुप्ता द्वारा प्रस्तुत भाजपा सरकार के पहले बजट को लेकर विभिन्न क्षेत्रों से सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में फेडरेशन ऑफ स्मॉल स्केल बिजनेस एंड इंडस्ट्रीज (फॉस्सबेकी) के अध्यक्ष सचिन राय ने बजट को विकासोन्मुखी और जनहितकारी बताते हुए इसका स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि बजट में उद्योग, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आधारभूत संरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। सचिन राय ने कहा कि आसनसोल-दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र के लिए मेट्रो रेल परियोजना की घोषणा इस बजट की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। लंबे समय से इस क्षेत्र में बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की मांग की जा रही थी। मेट्रो सेवा शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि औद्योगिक गतिविधियों और व्यापारिक संपर्कों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने पश्चिम बर्दवान जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की घोषणा का भी स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और वित्त मंत्री स्वपन दास गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया।
औद्योगिक निवेश को मिलेगा बढ़ावा
फॉस्सबेकी अध्यक्ष ने कहा कि बजट में 100 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली परियोजनाओं के लिए सिंगल विंडो सिस्टम की व्यवस्था उद्योग जगत के लिए बड़ी राहत है। इससे निवेशकों को विभिन्न विभागों की जटिल प्रक्रियाओं से मुक्ति मिलेगी और उद्योग स्थापना की प्रक्रिया तेज होगी। उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य में औद्योगीकरण को नई दिशा देगा तथा रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सचिन राय ने राज्य सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 20 प्रतिशत वृद्धि के निर्णय को भी सराहनीय बताया। उनके अनुसार कर्मचारियों की क्रय शक्ति बढ़ने से बाजार में धन का प्रवाह बढ़ेगा, जिसका सकारात्मक प्रभाव व्यापार और आर्थिक गतिविधियों पर पड़ेगा। उन्होंने सरकार द्वारा एक वर्ष के भीतर अधिकतम रोजगार सृजन के लक्ष्य को भी दूरदर्शी पहल बताया।
शिक्षा और खेल क्षेत्र को भी मिलेगी मजबूती
उन्होंने कल्याणी में हवाई अड्डे के निर्माण, उत्तर बंगाल में आईआईटी और आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों की स्थापना तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम के निर्माण संबंधी प्रस्तावों को राज्य के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उनका कहना था कि इन परियोजनाओं से शिक्षा, खेल और निवेश के क्षेत्र में पश्चिम बंगाल की पहचान और मजबूत होगी।
*कुछ मांगें अभी भी अधूरी*
हालांकि सचिन राय ने बजट के कुछ पहलुओं को लेकर निराशा भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दामोदर नदी पर नए पुल के निर्माण को लेकर क्षेत्र के लोगों में काफी उम्मीदें थीं, लेकिन बजट में इस परियोजना का उल्लेख नहीं किया गया। इसके अलावा आसनसोल स्टेडियम के आधुनिकीकरण और नवीनीकरण को लेकर भी कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं दिखा, जिससे खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों को निराशा हुई है। इसके बावजूद उन्होंने राज्य सरकार के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि विकास की दिशा में सरकार ने सकारात्मक शुरुआत की है और उम्मीद है कि भविष्य में इन महत्वपूर्ण मांगों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। सचिन राय ने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट उद्योग, रोजगार, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के विकास को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है, जो राज्य को आर्थिक प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।
