आसनसोल के बर्नपुर यूनाइटेड क्लब के 39वें अंतर-विद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ, पंचगछिया विवेकानंद हाई स्कूल ने दर्ज की शानदार जीत

उद्घाटन मुकाबले में बर्नपुर बॉयज़ हाई स्कूल को 5-0 से हराया, 29 जून को खेला जाएगा फाइनल

आसनसोल। बर्नपुर के प्रतिष्ठित खेल संगठन बर्नपुर यूनाइटेड क्लब द्वारा आयोजित “39वां स्वर्गीय एन.आर. दत्ता एवं शिव दास ठाकुर मेमोरियल इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट” का शुभारंभ सोमवार को बर्नपुर स्टेडियम मैदान में भव्य समारोह के साथ हुआ। खेल एवं युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस परंपरागत प्रतियोगिता में इस वर्ष आसनसोल एवं बर्नपुर शिल्पांचल के विभिन्न क्षेत्रों से आठ विद्यालयों की फुटबॉल टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर बर्नपुर यूनाइटेड क्लब के पदाधिकारियों, सेल-इस्को इस्पात संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की उपस्थिति रही। प्रतियोगिता के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में पंचगछिया विवेकानंद हाई स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बर्नपुर बॉयज़ हाई स्कूल को एकतरफा मुकाबले में 5-0 गोल से पराजित कर अगले चरण में प्रवेश किया।बर्नपुर यूनाइटेड क्लब के महासचिव देबार्शी रॉय ने बताया कि क्लब पिछले कई दशकों से खेलों के विकास एवं युवा खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करता आ रहा है। विशेष रूप से फुटबॉल के क्षेत्र में क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि यह अंतर-विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता क्षेत्र की एक प्रतिष्ठित खेल परंपरा बन चुकी है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र भाग लेते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता का 39वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है। सभी मुकाबले नॉक-आउट प्रारूप में खेले जाएंगे तथा प्रतियोगिता का फाइनल मैच 29 जून 2026 को अपराह्न तीन बजे आयोजित होगा। वर्तमान समय में फुटबॉल सीजन और आगामी विश्व कप को लेकर युवाओं एवं खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है, जिसका असर इस प्रतियोगिता में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उद्घाटन समारोह में सेल-इस्को इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) ई.यू.पी. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं क्लब के उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (आरएमएचपी एवं सिंटर) तथा क्लब के उपाध्यक्ष समीर दास, संयंत्र के पूर्व मुख्य महाप्रबंधक (बिजनेस एक्सीलेंस) एवं क्लब के उपाध्यक्ष एम.ई. शम्सी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
अतिथियों ने बर्नपुर यूनाइटेड क्लब की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं न केवल विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारती हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करती हैं। उन्होंने क्लब को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ई.यू.पी. सिंह ने पारंपरिक ‘किक ऑफ’ कर टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके साथ ही पूरे शिल्पांचल में फुटबॉल के उत्सव का माहौल बन गया है और खेल प्रेमियों की नजरें अब आगामी मुकाबलों तथा फाइनल मैच पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *