फालता थाने पर हमले के मामले में रातभर पुलिस अभियान, गिरफ्तारी बढ़कर 16 हुई

कोलकाता, 18 जून । दक्षिण 24 परगना जिले के फालता थाना क्षेत्र में हुए हमले के मामले में पुलिस ने देर रात तक अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बुधवार रात इलाके में तलाशी अभियान चलाते हुए और सीसीटीवी फुटेज, वीडियो व तस्वीरों की जांच के आधार पर आठ और लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही इस मामले में अब तक कुल 16 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

यह कार्रवाई उस घटना के बाद हुई है, जिसमें जंगीपुर के समर्थन में कथित रूप से थाना परिसर पर हमला और हंगामा किया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार लोगों पर अवैध जमावड़ा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिस कार्य में बाधा डालने, और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपितों को गुरुवार को डायमंड हार्बर महकमा अदालत में पेश किया गया। वहीं, पुलिस ने यह भी दावा किया है कि थाने से एक आरोपित को छुड़ाने की कोशिश और हमले की साजिश में उसकी पत्नी की भूमिका भी सामने आई है। इस आधार पर उसके खिलाफ भी आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल वह फरार बताई जा रही है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना पूर्व नियोजित थी। मंगलवार को इलाके में पथावरोध किया गया और फिर एक बड़ा समूह थाने की ओर बढ़ा। हालात बिगड़ने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई। इसके बाद पुलिस ने वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *