आसनसोल जिला अस्पताल से एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत

पश्चिम बर्दवान, 30 मईकेंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से पूरे पश्चिम बंगाल में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) निःशुल्क टीकाकरण परियोजना की शुरुआत शनिवार को की गई। आसनसोल में इस अभियान का शुभारंभ आसनसोल जिला अस्पताल से हुआ, जहां 14 और 15 वर्ष की किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन दी गई।

इस अवसर पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, जामुड़िया के विधायक एवं वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बिजन मुखर्जी, जिला अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. निखिल चंद्र दास, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट समेत अस्पताल के डॉक्टर, नर्स और अन्य चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि भारत में महिलाओं में सबसे अधिक स्तन कैंसर के मामले सामने आते हैं, जबकि सर्वाइकल कैंसर भी बड़ी संख्या में महिलाओं को प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि एचपीवी टीकाकरण के माध्यम से लगभग 98 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर के मामलों को होने से पहले ही रोका जा सकता है। इसी उद्देश्य से केंद्र और राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में इस महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत की है।
उन्होंने कहा कि एक स्त्री रोग विशेषज्ञ होने के नाते वह इस टीके के महत्व को भली-भांति समझते हैं। उनके अनुसार 9 वर्ष से 45 वर्ष तक की लड़कियां और महिलाएं यह टीका लगवा सकती हैं। यह टीका महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए अत्यंत लाभकारी है।
वहीं आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि नई सरकार और नए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कई नई पहल की जा रही हैं और एचपीवी टीकाकरण अभियान भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों से कहा कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसकी जानकारी तुरंत सरकार और उसके प्रतिनिधियों को दी जाए, ताकि उसका समाधान किया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम लोगों को मिलने वाली चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *