भाजपा नेता को फोन पर जान से मारने की धमकी, आसनसोल में बढ़ा राजनीतिक तनाव,थाने में शिकायत दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

आसनसोल। पश्चिम बंगाल के आसनसोल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भारतीय जनता पार्टी के एक स्थानीय नेता को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा जा रहा है, वहीं पूरे मामले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.प्राप्त जानकारी के अनुसार, आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल-2 के नेता विजय साव बर्मा को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फोन कर धमकी दी गई। आरोप है कि फोन पर उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई और कहा गया, “बहुत हो गया, अब सावधान रहो।” इस कथित धमकी के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। विजय साव बर्मा ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि इस प्रकार की धमकियां लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें मानसिक रूप से डराने और दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। घटना के बाद भाजपा समर्थकों और कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखी गई। मामले को लेकर विजय साव बर्मा ने तत्काल आसनसोल साइबर क्राइम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के साथ उन्होंने पुलिस को संबंधित कॉल डिटेल्स और मोबाइल नंबर भी सौंप दिए हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद तकनीकी जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुट गई है। मोबाइल लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि घटना के पीछे कोई राजनीतिक साजिश या सुनियोजित षड्यंत्र तो नहीं है। घटना के बाद भाजपा नेताओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं विपक्ष पर भी अप्रत्यक्ष रूप से सवाल उठने लगे हैं, हालांकि अभी तक किसी विशेष व्यक्ति या संगठन का नाम सामने नहीं आया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जा सकता है। फिलहाल पूरे मामले पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों की नजर बनी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर राजनीतिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *