तृणमूल विधायक नयना बंद्योपाध्याय के घर पहुंची सीआईडी, विधानसभा गए बिना फर्जी उपस्थिति दर्ज करा सरकारी भत्ता लेने का आरोप

कोलकाता, 28 मई । कोलकाता में गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस विधायक नयना बंद्योपाध्याय के घर अचानक राज्य पुलिस की सीआईडी टीम पहुंचने से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई। मामला विधानसभा की उपस्थिति रजिस्टर में किए गए हस्ताक्षर को लेकर उठे विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, विधानसभा की हाजिरी रजिस्टर में मौजूद हस्ताक्षर वास्तव में नयना बंद्योपाध्याय का है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। इसी मामले में विधानसभा के प्रधान सचिव की ओर से हेयर स्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। उसी शिकायत के आधार पर गुरुवार दोपहर सीआईडी अधिकारियों की टीम विधायक के घर पहुंची।

बताया गया है कि सीआईडी की छह सदस्यीय टीम में हस्ताक्षर विशेषज्ञ भी शामिल थे। हालांकि, जब अधिकारी पहली बार विधायक के घर पहुंचे, तब नयना बंद्योपाध्याय वहां मौजूद नहीं थीं। जानकारी के मुताबिक वह ईद से जुड़े एक कार्यक्रम में गई हुई थीं।

इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे सीआईडी टीम दोबारा उनके घर पहुंची। उस समय विधायक घर पर मौजूद थीं, जिसके बाद जांच प्रक्रिया शुरू की गई। सूत्रों के मुताबिक पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए नयना बंद्योपाध्याय ने कहा, “छह मई को विपक्ष के नेता को लेकर ममता बंद्योपाध्याय के घर बैठक हुई थी। उसी दौरान पार्टी के फैसले के अनुसार एक फॉर्मेट तैयार किया गया था। वहां मैंने हस्ताक्षर किए थे। हस्ताक्षर की जगह मैंने बड़े अक्षरों में अपना नाम लिखा था। उसी बात को लेकर सीआईडी मेरे घर पहुंच गई। यह काफी चौंकाने वाला है।”

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष पाठक ने कहा कि नयना बंद्योपाध्याय हो या उनके सांसद पति सुदीप बंद्योपाध्याय, ये लोग भ्रष्टाचार पर ही अपनी राजनीति करते हैं। सुदीप बंद्योपाध्याय भी भ्रष्टाचार के मामले में लंबे समय तक जेल में रह चुके हैं और नयना भी फर्जीवाड़ा के मामले में अव्वल हैं। ममता बनर्जी ऐसे ही भ्रष्ट लोगों को लेकर जनता को लूटती रही हैं। अब सरकार बदली है और कार्रवाई होगी।

उल्लेखनीय है कि नयना बंद्योपाध्याय के पति सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय लंबे समय तक लोकसभा तृणमूल संसदीय दल का नेतृत्व कर चुके हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *