
आसनसोल।आसनसोल के प्रतिष्ठित सेंट विंसेंट स्कूल में आयोजित समर कैंप के दौरान गुरुवार सुबह एक हृदयविदारक घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। कैंप में शामिल होने पहुंचे 16 वर्षीय छात्र आद्रिक हिलिरियन की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। मृतक छात्र आसनसोल के चेली डंगाल क्षेत्र का निवासी था। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं।
गर्मी की छुट्टियों के बीच स्कूल परिसर में समर कैंप संचालित किया जा रहा था। इसी दौरान हुए इस हादसे के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश और चिंता देखने को मिल रही है।
घटना की खबर मिलते ही भाजपा नेता दुर्गेश नागी तथा आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के निर्देश पर भाजपा नेता मधुसूदन दे मौके पर पहुंचे और अस्पताल जाकर परिजनों से मुलाकात की। भाजपा नेताओं ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
भाजपा नेता दुर्गेश नागी ने कहा कि आखिर किन परिस्थितियों में छात्र की जान गई, यह सामने आना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्विमिंग पूल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की तत्काल जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने लाकर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
इस दर्दनाक घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
