मालदा, 27 मई l। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक तृणमूल कांग्रेस नेता को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान फारुक शेख के रूप में हुई है, जिसे मंगलवार रात मानिकचक थाना क्षेत्र के गोपालपुर से पकड़ा गया। बुधवार को आरोपित को मालदा जिला अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित के पास से दो सात एमएम पिस्टल, दो पाइप गन और सात राउंड कारतूस बरामद किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, आरोपित की काकी मानिकचक पंचायत समिति की तृणमूल सदस्य हैं।
स्थानीय लोगों का दावा है कि फारुक शेख फरार तृणमूल नेता नासिर शेख का करीबी है। इतनी बड़ी मात्रा में हथियार रखने के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले में अन्य संभावित लिंक की भी जांच की जा रही है।
