आसनसोल के बर्नपुर गुरुद्वारा स्कूल में बिभिन्न समस्या और अनियमितताओं को लेकर भाजपा ने खोला मोर्चा, जांच की मांग तेज

आसनसोल। आसनसोल के बर्नपुर स्थित गुरुद्वारा स्कूल में कथित अनियमितताओं, अत्यधिक फीस वसूली और विभिन्न प्रशासनिक समस्याओं को लेकर को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल स्कूल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा माइनॉरिटी मोर्चा के नेता अनमोल सिंह तथा भाजपा आसनसोल दक्षिण मंडल-दो के अध्यक्ष रामानंद साह सहित अन्य शामिल थे। नेताओं ने स्कूल के प्रिंसिपल से मुलाकात कर अभिभावकों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। भाजपा नेताओं ने बताया कि पिछले कई दिनों से उन्हें छात्रों के अभिभावकों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल में निर्धारित नियमों से अधिक फीस वसूली की जा रही है तथा मिड डे मील सहित कई अन्य सुविधाओं में भी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। इन शिकायतों के आधार पर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। भाजपा माइनॉरिटी मोर्चा नेता अनमोल सिंह ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी नियमों के अनुसार जहां छात्रों से लगभग 240 रुपये फीस लिए जाने का प्रावधान है, वहीं स्कूल में छात्रों से 2500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल में विभिन्न स्तरों पर “दुर्नीति” और अनियमितताएं चल रही हैं, जिससे अभिभावकों में भारी नाराजगी है। उन्होंने यह भी कहा कि स्कूल प्रबंधन समिति में वर्षों से तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोग बने हुए हैं, जिसके कारण पारदर्शिता प्रभावित हो रही है। भाजपा नेताओं ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ प्रशासनिक स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं भाजपा आसनसोल दक्षिण मंडल-दो के अध्यक्ष रामानंद साह ने कहा कि स्कूल प्रिंसिपल के साथ हुई बातचीत के दौरान यह बात भी सामने आई कि स्थानीय विधायक को स्कूल में आमंत्रित करने को लेकर भी आपत्ति जताई जाती थी। उन्होंने इसे राजनीतिक मानसिकता का परिचायक बताते हुए इसकी भी जांच की मांग की। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि अभिभावकों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। साथ ही पूरे मामले को प्रशासन के समक्ष उठाकर जांच बैठाने और आवश्यक कार्रवाई कराने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *