आसनसोल वेलकम गेट से हटाया गया ‘विश्व बांग्ला’ चिन्ह, बदलेगी प्रवेश द्वार की पहचान

नई सरकारी नीति के तहत आसनसोल में शुरू हुआ प्रतीकों का बदलाव, जल्द लग सकता है ‘अशोक स्तंभ’

आसनसोल। शहर के कालीपहाड़ी स्थित प्रतिष्ठित “सिटी ऑफ ब्रदरहुड” वेलकम गेट पर मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला। क्रेन की मदद से प्रवेश द्वार के शीर्ष पर लगे ‘विश्व बांग्ला’ के विशाल चिन्ह को सावधानीपूर्वक हटाया गया। इस कार्रवाई को देखने के लिए आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और पूरे इलाके में इसकी चर्चा होती रही।
सूत्रों के मुताबिक, राज्य में नई सरकार के गठन के बाद सार्वजनिक स्थलों और सरकारी संरचनाओं की पहचान में बदलाव की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर विभिन्न सरकारी परिसरों, मुख्य प्रवेश द्वारों और प्रशासनिक भवनों से ‘विश्व बांग्ला’ लोगो हटाने का अभियान चलाया जा रहा है।
सरकार की नई नीति के अनुसार, इन स्थानों पर अब देश के राष्ट्रीय प्रतीक ‘अशोक स्तंभ’ को स्थापित किए जाने की तैयारी है। इसी क्रम में आसनसोल के कालीपहाड़ी वेलकम गेट से पुराने प्रतीक को हटाया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में जिले के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर भी इसी तरह के बदलाव दिखाई दे सकते हैं। इस कदम के बाद राजनीतिक गलियारों से लेकर आम लोगों के बीच नई चर्चा शुरू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *