
रानीगंज/ विद्यार्थी विज्ञान मंथन पश्चिम बंगाल दक्षिण प्रांत की राज्य समन्वयक डॉक्टर सुचारिता चटर्जी ने शनिवार को पत्रकार सम्मेलन में बतलाया कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन का राष्ट्रीय स्तर भारत के प्रतिष्ठित संस्थान इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी गांधी नगर में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह शिविर देशभर के प्रतिभाशाली युवा वैज्ञानिकों का एक भव्य संगम था, जिसने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार तथा राष्ट्रीय एकात्मता की भावना को प्रोत्साहित करने हेतु प्रेरणादायी मंच प्रदान किया।
राष्ट्रीय स्तर शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विज्ञान, ज्ञान और सृजनात्मकता का जीवंत उत्सव देखने को मिला।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में देशभर के प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों एवं विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. रजत मूना, निदेशक, आईआईटी गांधीनगर थे। अन्य प्रमुख अतिथियों में डॉ. शेखर सी. मांडे, अध्यक्ष, विज्ञान भारती; श्री विवेकानंद पई, महासचिव, विज्ञान भारती; डॉ. शिव कुमार शर्मा, संगठन सचिव, विज्ञान भारती; डॉ. अरविंद रानाडे, निदेशक, एनआईएफ गांधीनगर एवं राष्ट्रीय सचिव, विज्ञान भारती सहित अनेक राष्ट्रीय शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक संस्थानों के वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारतीय वैज्ञानिक विरासत को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया, जिसमें व्याख्यान, संवाद सत्र एवं महान भारतीय वैज्ञानिकों पर आधारित प्रकाशनों का विमोचन शामिल था।
पश्चिम बंगाल दक्षिण प्रांत ने इस राष्ट्रीय स्तर शिविर में अपनी उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज कराई। प्रांत के 24 राज्य स्तरीय विजेताओं में से 22 विद्यार्थियों ने गांधीनगर, गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय स्तर शिविर में सफलतापूर्वक सहभागिता की। यह सहभागिता राज्य के विद्यार्थियों में बढ़ती वैज्ञानिक रुचि एवं उत्कृष्टता का प्रतीक है।
पश्चिम बंगाल दक्षिण प्रांत का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य समन्वयक डॉ. सुचरिता चटर्जी, सुश्री तानिया सेन, श्री नयन रॉय चौधुरी एवं श्री आरतत्राण पात्र ने शिविर में सक्रिय रूप से सहभागिता की तथा पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उनके समर्पित प्रयासों एवं प्रेरणादायी नेतृत्व ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रेरित किया।
पश्चिम बंगाल दक्षिण प्रांत के विद्यार्थियों ने जोनल एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर राज्य का गौरव बढ़ाया। पूर्वी क्षेत्र के विजेताओं की सूची इस प्रकार है—
रिदित पात्र – तृतीय स्थान, डीएवी बाँकुड़ा – कक्षा छठी
अयान कर्मकार – तृतीय स्थान, डीएवी आईआईटी खड़गपुर – कक्षा सातवीं,
श्रीशा झा – तृतीय स्थान, हुगली – कक्षा सातवीं,
ऑडिटिप्टो चक्रवर्ती – द्वितीय स्थान, सेंट जेवियर्स दुर्गापुर – कक्षा सातवीं,
अभिनव मिद्या – प्रथम स्थान, ग्रिफिन इंटरनेशनल स्कूल, खड़गपुर – कक्षा नौवीं,
. प्रताप राज – तृतीय स्थान, गुरु तेग बहादुर स्कूल दुर्गापुर – कक्षा दसवीं,
चंद्रांशु नाग – प्रथम स्थान, डीएवी रूपनारायणपुर – कक्षा दसवीं,
आयुष मलिक – प्रथम स्थान, डीएवी मॉडल स्कूल, दुर्गापुर – कक्षा ग्यारहवीं
इसके अतिरिक्त, दिल्ली पब्लिक स्कूल, हावड़ा के छात्र सोमांशु दत्ता ने राष्ट्रीय विजेता बनकर पश्चिम बंगाल दक्षिण प्रांत को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष गौरव एवं सम्मान दिलाया।
