
पांडवेश्वर में भाजपा विधायक के रूप में किया कार्यालय का पुनः उद्घाटन, समर्थकों में उत्सव का माहौल
पांडवेश्वर। लंबे राजनीतिक संघर्ष, प्रतीक्षा और उतार-चढ़ाव के बाद पांडवेश्वर के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक जितेंद्र कुमार तिवारी ने बुधवार को अपने हाथों से वर्षों पहले बनाए गए विधायक कार्यालय का पुनः उद्घाटन किया। हरीपुर स्थित ट्रेनिंग सेंटर इलाके में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। राजनीतिक दृष्टि से यह क्षण बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि जिस विधायक कार्यालय का निर्माण वर्ष 2016 में जितेंद्र तिवारी ने तृणमूल कांग्रेस के विधायक रहते हुए कराया था, उसी कार्यालय में अब उन्होंने भाजपा विधायक के रूप में दोबारा प्रवेश किया है।
2016 में तृणमूल विधायक रहते बनाया था कार्यालय
बता दें कि वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में जितेंद्र कुमार तिवारी तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। विधायक बनने के बाद उन्होंने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनने, जनसंपर्क बनाए रखने तथा आम जनता तक विभिन्न सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से हरीपुर के ट्रेनिंग सेंटर इलाके में विधायक कार्यालय का निर्माण कराया था। यह कार्यालय उस समय क्षेत्रीय राजनीति और जनसंपर्क का प्रमुख केंद्र बन गया था, जहां से विधायक के रूप में जनता से जुड़े कार्य संचालित किए जाते थे।
दल बदलने के बाद बदल गया राजनीतिक समीकरण
वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले पांडवेश्वर की राजनीति में बड़ा बदलाव आया, जब जितेंद्र तिवारी ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। भाजपा ने उन्हें पांडवेश्वर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया, लेकिन उस चुनाव में उन्हें तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के हाथों हार का सामना करना पड़ा।इसके बाद अगले पांच वर्षों तक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती पांडवेश्वर के विधायक रहे। इसी दौरान हरीपुर स्थित विधायक कार्यालय, जिसे कभी जितेंद्र तिवारी ने बनवाया था, तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कब्जे में चला गया और कथित रूप से उसे पार्टी कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया जाने लगा। बताया जाता है कि पिछले पांच वर्षों तक वहीं से पार्टी की विभिन्न गतिविधियां संचालित होती रहीं।
2026 में वापसी के साथ फिर मिला कार्यालय
वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में पांडवेश्वर से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ते हुए जितेंद्र तिवारी ने शानदार जीत दर्ज की और एक बार फिर विधायक बने। जीत के बाद उन्होंने अपने द्वारा निर्मित हरीपुर स्थित विधायक कार्यालय को पुनः प्राप्त किया और बुधवार को उसका औपचारिक उद्घाटन किया। अब यह कार्यालय दोबारा विधायक कार्यालय के रूप में कार्य करेगा और यहां से क्षेत्र की जनता से जुड़े कार्य संचालित किए जाएंगे।
“पांडवेश्वर की जनता ने संघर्ष का जवाब दिया” — जितेंद्र तिवारी
उद्घाटन समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि पांडवेश्वर की भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता ने यह साबित कर दिया है कि संघर्ष और जनता के विश्वास के दम पर दोबारा वापसी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस विधायक कार्यालय से क्षेत्र के लोगों को विभिन्न प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जनता की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए यह कार्यालय सक्रिय रूप से कार्य करेगा।
पांडवेश्वर में होंगे दो विधायक कार्यालय
जितेंद्र तिवारी ने यह भी घोषणा की कि पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में दो विधायक कार्यालय संचालित किए जाएंगे। एक कार्यालय हरीपुर में रहेगा, जबकि दूसरा सरपी मोड़ इलाके में बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे सप्ताह के अलग-अलग दिनों में दोनों कार्यालयों में बैठकर आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और विधायक के रूप में पार्टी तथा जनता द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान पूरे इलाके में राजनीतिक उत्साह और समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
