जामुड़िया के चुरूलिया स्थित काजी नजरुल अकादमी के विकास एवं आधुनिकीकरण को लेकर विधायक बिजन मुख़र्जी की अध्यक्षता मे महत्वपूर्ण बैठक

 


जमुड़िया। जामुड़िया के चुरूलिया स्थित विद्रोही कवि काजी नजरुल इस्लाम की जन्मस्थली में स्थित काजी नजरुल अकादमी के विकास एवं आधुनिकीकरण को लेकर विधायक डॉ बिजन मुख़र्जी की अध्यक्षता एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में बीडीओ, अभियंता तथा विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान चुरूलिया को सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विधायक डॉ. विजन मुखर्जी ने कहा कि विद्रोही कवि काजी नजरुल इस्लाम की स्मृतियों से जुड़ी यह पवित्र भूमि केवल जमुड़िया ही नहीं, बल्कि पूरे बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और गौरव का प्रतीक है। ऐसे ऐतिहासिक स्थल को और अधिक सुंदर, आधुनिक तथा पर्यटक अनुकूल बनाने के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य करेंगे। बैठक के दौरान अकादमी परिसर और आसपास के क्षेत्र में सड़क निर्माण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं, सांस्कृतिक मंच तथा संपूर्ण आधारभूत संरचना के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने अधिकारियों को शीघ्र विकास कार्य प्रारंभ करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि काजी नजरुल अकादमी के विकास से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय संस्कृति और साहित्य को नई पहचान मिलेगी। प्रशासन की ओर से भी जल्द ही योजनाओं को अमल में लाने का आश्वासन दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *